Shravan Kumar JDU Leader: श्रवण कुमार बने जदयू विधायक दल के नेता, नीतीश ने लगाई मुहर
बिहार में बड़ी सियासी हलचल! नीतीश कुमार के करीबी श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नया नेता चुना गया। 8 बार के विधायक और पूर्व मंत्री को मिली बड़ी जिम्मेदारी।
बिहार के सियासत से एक बड़ी खबर सामने आई है. जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुना गया है. श्रवण कुमार की गिनती पूर्व सीएम नीतीश कुमार के करीबी लोगों में होती है. एक दिन पहले ही पूर्व सीएम नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर जदयू के विधायकों की मीटिंग हुई थी, जिसमें पूर्व सीएम व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार उपस्थित थे. इस मीटिंग में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुनने की जिम्मेदारी दी गई थी.
इसके बाद अब श्रवण कुमार को विधायक दल के नेता के रूप में चुन लिए जाने की खबर सामने आ रही है. श्रवण कुमार पूर्व सीएम नीतीश कुमार के गृह जिले से आते हैं. नालंदा विधानसभा सीट से श्रवण कुमार लगातार आठ बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं. श्रवण कुमार ने अपनी राजनीतिक जीवन की शुरुआत जेपी के आंदोलन से की थी. उनका राजनीतिक करियर काफी लंबा और प्रभावशाली रहा है.
8 बार के विधायक, कई विभागों के रहे मंत्री
श्रवण कुमार उन नेताओं में से एक है, जिन्होंने नीतीश कुमार के साथ मिलकर समता पार्टी के गठन और उसके डेवलपमेंट में अहम भूमिका निभाई थी. श्रवण कुमार ने 1995 में पहली बार नालंदा विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी. इसके बाद से वह लगातार इस सीट से जीत दर्ज करते रहे हैं. श्रवण कुमार सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में ग्रामीण विकास और परिवहन विभाग जैसे अहम विभागों के मंत्री भी रह चुके हैं. 1995 में समता पार्टी के महज सात विधायकों ने जीत दर्ज की थी, जिनमें से श्रवण कुमार भी एक थे.
श्रवण कुमार ने इंटर तक की पढ़ाई की है. इसके बाद वह राजनीति में सक्रिय हो गए. सन 2000 में समता पार्टी का जनता दल यूनाइटेड में विलय हो गया, तब से वह लगातार जदयू उम्मीदवार के रूप में नालंदा से चुनाव जीतते आ रहे हैं. अपने राजनीतिक जीवन में श्रवण, नीतीश कुमार के साथ-साथ जीतन राम मांझी के मुख्यमंत्री काल में भी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं.