पानीपत: बेटी की शादी से पहले नहर में कूदा निगम कर्मचारी, खुशियां मातम में बदलीं

पानीपत में सफाई कर्मचारी संदीप उर्फ काला संदिग्ध परिस्थितियों में दिल्ली पैरलल नहर में लापता। 2 मई को थी बेटी की शादी। CCTV में छलांग लगाते दिखा, जांच जारी।

पानीपत : बीती शाम को पानीपत नगर निगम का एक सफाई कर्मचारी संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में लापता हो गया। हालांकि सी.सी.टी.वी. फुटेज में वह नहर में छलांग लगाता दिखाई दे रहा है। उसकी मंझोली बेटी की शादी 2 मई को है जिसकी तैयारियों में जुटा हुआ था। इस हादसे के बाद परिवार की शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

जानकारी अनुसार नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है। हड़ताल के दौरान एक कर्मचारी संदीप उर्फ काला (38) साथियों से यह कहकर निकला था कि वह घर जा रहा है लेकिन घर जाने की बजाय वह अपने 2 दोस्तों के साथ दिल्ली पैरलल नहर पर चला गया। आरोप है कि पहले तीनों ने बैठकर शराब का सेवन किया और फिर नहर के किनारे खड़े रहे।

संदीप के फुफेरे भाई रंजीत ने बताया कि वह सी.सी.टी.वी. में नहर में छलांग लगाता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि संदीप के दोस्तों ने घटना के काफी देर बाद परिवार को मामले की जानकारी दी, तब से परिजन और गोताखोर नहर के बहाव में संदीप के ढूंढ रहे हैं। परिवार ने पुलिस से इस मामले की गहनता से जांच करने की मांग की है ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि संदीप को किसी ने धक्का दिया है या फिर उसने खुद नहर में छलांग लगाई है। पुलिस गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाए हुए है लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लगा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.