HCS Exam 2026: हरियाणा में 337 केंद्रों पर परीक्षा शुरू, बदल गया एग्जाम पैटर्न
हरियाणा HCS प्रीलिम्स परीक्षा 8 जिलों में शुरू। 96,000 अभ्यर्थी दे रहे हैं एग्जाम। जानें 400 अंकों के नए पैटर्न, परीक्षा केंद्रों और सुरक्षा इंतजामों की पूरी जानकारी।
चंडीगढ़: इस बार HCS परीक्षा पूरे हरियाणा में बड़े स्तर पर आयोजित की जा रही है. परीक्षा 8 जिलों में होगी. इनमें अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, यमुनानगर और पंचकूला शामिल हैं. इन जिलों में कुल 337 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रशासन ने सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर खास इंतजाम किए हैं. हर सेंटर पर CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और पुलिस तैनाती की गई है. परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 भी लागू की गई है ताकि किसी तरह की गड़बड़ी ना हो.
दो शिफ्ट में हो रहा एग्जाम: इस बार HCS प्रीलिम्स में 96,000 से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हो रहे हैं, जो अपने सपनों की नौकरी के लिए मैदान में उतरे हैं. परीक्षा दो शिफ्ट में हो रही है. सुबह 10 से 12 और शाम 3 से 5 बजे तक. इतनी बड़ी संख्या के कारण शहरों में ट्रैफिक और भीड़ भी बढ़ी हुई नजर आ रही है. कई जगहों पर अभ्यर्थी समय से पहले ही सेंटर पहुंचते दिखे ताकि किसी तरह की परेशानी ना हो.
प्रीलिम्स परीक्षा में बड़ा बदलाव: हरियाणा सरकार ने एचसीएस परीक्षा पैटर्न में अहम बदलाव किया है, जिसके चलते अब प्रारंभिक परीक्षा 400 अंकों की होगी. इसमें दो वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न पत्र शामिल होंगे. पहले जहां प्रीलिम्स 200 अंकों की होती थी, वहीं अब अंकों की संख्या दोगुनी कर दी गई है. इस बदलाव का मकसद उम्मीदवारों की समग्र समझ, तार्किक क्षमता और विश्लेषण कौशल के आकलन को माना जा रहा है.
600 अंकों की मुख्य परीक्षा: मुख्य परीक्षा (मेंस) अब कुल 600 अंकों की होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन के चार पेपर शामिल किए गए हैं और कुछ वर्णात्मक प्रश्नपत्र भी जोड़े गए हैं. प्रत्येक प्रश्नपत्र की अवधि 3 घंटे और अधिकतम अंक 100 निर्धारित किए गए हैं. नए सिलेबस के अनुसार उत्तर लेखन क्षमता की विशेष महत्वता है.
क्या है HCS परीक्षा, क्यों इतनी अहम? HCS यानी हरियाणा सिविल सर्विसेज परीक्षा, राज्य की सबसे प्रतिष्ठित सरकारी परीक्षाओं में से एक है. इसे हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) आयोजित करता है. इस परीक्षा के जरिए SDM, DSP, तहसीलदार जैसे बड़े प्रशासनिक पदों पर भर्ती की जाती है. परीक्षा तीन चरणों में होती है. प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू. जो उम्मीदवार इन तीनों स्टेज को पार करता है, वही प्रशासनिक सेवा में चयनित होता है.