UP में टोल महंगा: लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बढ़ी दरें, जानें नया रेट कार्ड

यूपी में गंगा एक्सप्रेसवे के आगाज के बीच लखनऊ-कानपुर NH-27 पर सफर हुआ महंगा। नवाबगंज टोल प्लाजा पर बढ़ी दरें, कार और भारी वाहनों के लिए जानें अब कितना देना होगा टैक्स।

उत्तर प्रदेश में सड़क विकास की रफ्तार तेज है. हाईवे के साथ-साथ एक्सप्रेसवे का जाल बिछ रहा है. बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के सबसे लंबे 594 किमी वाले गंगा एक्सप्रेसवे (Meerut-Prayagraj) का शुभारंभ किया. इसके साथ ही यूपी देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला प्रदेश भी बन गया है. इसी बीच पुरानी सड़कों पर भी सुधार के साथ टोल दरें बढ़ रही हैं. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया NHAI ने लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर टोल बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है. मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही नई दरें लागू हो जाएंगी.

टोल बढ़ोतरी नवाबगंज टोल प्लाजा पर लागू होगी. NHAI के अनुसार, सड़क के उच्चीकरण के कारण टोल दरें बढ़ाई जा रही हैं. अमौसी से दरोगा खेड़ा तक के 7 किमी हिस्से पर एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने वाले वाहनों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा. यह हिस्सा सभी वाहनों के लिए फ्री रहेगा. दरोगा खेड़ा से आगे जाने पर ही एक्सप्रेसवे टोल लागू होगा.

मौजूदा और नई टोल दरें

  • एक तरफा यात्रा: कार, जीप, वैन, मोटर व्हीकल: पहले 95 रुपये, अब 117 रुपये (22 रुपये बढ़ोतरी)
  • हल्के व्यावसायिक वाहन (LCV): पहले 160 रुपये, अब 182 रुपये
  • बस और ट्रक: पहले 330 रुपये, अब 352 रुपये
  • थ्री एक्सल वाले व्यावसायिक वाहन: पहले 360 रुपये, अब 382 रुपये
  • चार से छह एक्सल वाले वाहन: पहले 520 रुपये, अब 542 रुपये
  • सात या उससे अधिक एक्सल वाले वाहन: पहले 625 रुपये, अब 647 रुपये

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे 63 किमी के शुभारंभ की तैयारी भी चल रही है, जो यात्रा समय को 2-3 घंटे से घटाकर मात्र 30-45 मिनट कर देगा. मगर टोल भी महंगा होगा, जिससे यात्रियों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.