मौसम अपडेट: दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी-बिहार में बारिश का अलर्ट, जानें कब मिलेगी गर्मी से राहत
दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार समेत कई राज्यों में आज बारिश और आंधी का अलर्ट। आईएमडी के अनुसार पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तापमान गिरने की संभावना।
दिल्ली-एनसीआर में कल हुई बूंदाबांदी के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली और अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. कल अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. आईएमडी ने आज भी बारिश की संभावना जताई है. दिन के समय आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे लोगों को धूप से राहत मिलेगी.
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आज दोपहर बाद तेज हवाएं भी चलने की संभावना है. 1 मई को मौसम साफ रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित मैदानी इलाकों में 30 अप्रैल और 2 से 5 मई के बीच बारिश और आंधी चलने के आसार हैं.
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा आज का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार आज और कल यूपी के कई जिलों में तेज आंधी चलने के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. आज प्रयागराज, गोरखपुर और अलीगढ़ सहित कई जिलों में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. तेज हवाएं 50 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के आसार है.
बिहार और झारखंड के कई जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है. आईएमडी ने आज बिहार और झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं चलने की चेतवानी जारी की है. बारिश होने के बाद तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
एमपी और राजस्थान में क्या है मौसम का हाल?
एमपी में कई जिलों में आज गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. आईएमडी के अनुसार ग्वालियर, दतिया सहित कई जिलों में बारिश के आसार हैं. वहीं राजस्थान के कई जिलों में आज और कल बूंदाबादी के आसार हैं.
पहाड़ों में कैसा रहेगा मौसम?
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 30 अप्रैल से लेकर 5 मई के बीच अलग-अलग दिनों में हल्की से मध्यम बारिश, बर्फबारी और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 4 दिनों तक भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 30 अप्रैल से 3 मई के बीच बारिश के साथ तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है.