रेवाड़ी: रिश्वत लेते कुंड चौकी इंचार्ज और ASI गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

एंटी करप्शन ब्यूरो रेवाड़ी ने कुंड चौकी इंचार्ज योगेश कुमार और एएसआई को 7000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। इंपाउंड बाइक छोड़ने के नाम पर मांगी थी रिश्वत।

रेवाड़ी :  एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रेवाड़ी की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुंड चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार और एएसआई को 7000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, नांधा गांव निवासी श्रवण कुमार की मोटरसाइकिल एक मुकदमे के तहत पुलिस द्वारा इंपाउंड की गई थी। अदालत से मोटरसाइकिल की सुपुर्दगी के आदेश जारी होने के बावजूद वाहन छोड़ने के एवज में चौकी इंचार्ज योगेश कुमार और एएसआई द्वारा 7000 रुपए की रिश्वत की मांग की गई। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता श्रवण कुमार के पास रिश्वत मांगने की फोन रिकॉर्डिंग भी मौजूद थी। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी, जिस पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

योजना के तहत बृहस्पतिवार शाम करीब 7 बजे श्रवण कुमार रिश्वत की राशि लेकर चौकी पहुंचा। जैसे ही एएसआई ने 7000 रुपए की रकम ली, पहले से तैनात ACB टीम ने मौके पर छापा मारकर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।ACB अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं, आमजन में इस कदम से सकारात्मक संदेश गया है कि रिश्वतखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.