हांसी में बड़ी चोरी: मथुरा से फतेहाबाद आ रही बस से 20 किलो चांदी गायब, कीमत 40 लाख से अधिक

हरियाणा के हांसी में एक निजी बस से 20 किलो चांदी चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ढाबे पर बस रुकने के दौरान अज्ञात चोरों ने बैग से चांदी पार कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

हांसी : हरियाणा के हांसी से चोरी की बड़ी वारदात की खबर सामने आई है। मथुरा से फतेहाबाद आ रही एक बस से 20 किलो चांदी चुरा ली गई है। बस में सफर कर रहे एक शख्स के बैग से अज्ञात चोरों ने करीब 20 किलो चांदी चुरा ली।

बताया जा रहा है कि नवीन नामक शख्स मथुरा से चांदी लेकर निजी बस द्वारा फतेहाबाद के लिए चला था। वीरवार सुबह जब बस हिसार रोड पर एक ढाबे के पास 15-20 मिनट के लिए बस रोकी। इस दौरान नवीन कुछ समय के लिए बस से नीचे उतरा। जब वह वापस लौटा तो उसने देखा कि बैग के अंदर रखी गई 20 किलो चांदी गायब थी। यह देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बताया जा रहा है कि नवीन किसी सुनार के पास काम करता है और उसी की चांदी लेकर आ रहा था।

पीड़ित नवीन ने तुरंत घटना की जानकारी बस चालक और परिचालक को दी। आरोप है कि चालक ने जिम्मेदारी लेने के बजाय कहा कि सामान की जिम्मेदारी सवारी की खुद की होती है। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत मालिक और पुलिस को सूचित किया। बाजार में इस चांदी की कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.