नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखकर फोनरवा ने पेयजल और सीवर समस्या पर उठाई आवाज

न्यूज़ डेस्क उत्तर प्रदेश। राजेश शर्मा। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्णा करुणेश (IAS) को पत्र लिखकर शहर में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा पुरानी एवं जर्जर सीवर लाइनों के त्वरित एवं स्थायी सुधार की मांग की है।
फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि फोनरवा लंबे समय से नोएडा के निवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग करता आ रहा है, किंतु अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

फोनरवा के महासचिव के. के. जैन ने बताया कि पिछले काफी समय से कई सेक्टरों में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जो वहां के निवासियों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि विशेष रूप से नोएडा के पुराने सेक्टरों में सीवर से संबंधित समस्याएं अभी भी अत्यंत गंभीर हैं। कई स्थानों पर पुरानी एवं क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों में लगातार लीकेज हो रहा है, जिससे पेयजल के दूषित होने की आशंका बनी रहती है।

फोनरवा ने प्राधिकरण से आग्रह किया है कि बार-बार लीकेज वाली पुरानी सीवर लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए तथा सीवर एवं जल आपूर्ति से जुड़ी सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नोएडा के निवासियों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.