फरीदाबाद स्कूल केस: छात्र के यौन शोषण मामले में नया मोड़, केस रद कर सकती है पुलिस

फरीदाबाद के एनआईटी ब्लॉक स्कूल में छात्र के यौन शोषण मामले में मेडिकल रिपोर्ट और हाजिरी रजिस्टर से नए तथ्य सामने आए। पुलिस अब मुकदमा रद करने पर विचार कर रही है।

फरीदाबाद:  एनआइटी ब्लाक के सरकारी स्कूल के वाशरूम में आठवीं कक्षा के छात्र से कथित यौन शोषण के मामले में पुलिस जांच के दौरान नया मोड़ आ गया है। जांच में कई नए तथ्य सामने आने के बाद अब पुलिस दर्ज मुकदमे को रद करने पर विचार कर रही है।

मामले में पुलिस पहले ही दो छात्रों को बाल सुधार गृह भेज चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता छात्र की मेडिकल रिपोर्ट में डाक्टर ने स्पष्ट रूप से यह उल्लेख नहीं किया गया है कि बच्चे के साथ गलत हुआ है या नहीं, मगर यह कहा है कि बच्चे के शरीर पर किसी तरह की चोट, खरोंच या सूजन नहीं मिली है। अब इस मेडिकल रिपोर्ट को डाक्टरों के बोर्ड के पास राय के लिए भेजा जाएगा।

बोर्ड की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि जिन छात्रों पर आरोप लगाए गए थे, उनमें से एक छात्र कथित घटना वाले तीन दिन स्कूल में उपस्थित ही नहीं था। स्कूल के हाजिरी रजिस्टर में उसकी गैरहाजिरी दर्ज मिली है। वहीं शिकायत में जिस दसवीं कक्षा के छात्र का जिक्र किया गया था, उसकी पहचान भी अभी तक शिकायतकर्ता छात्र नहीं कर पाया है। पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि शिकायतकर्ता छात्र की पूर्व में दो बार दिल की सर्जरी हो चुकी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार छात्र और उसका पिता जांच में पूरा सहयोग नहीं कर रहे हैं, जिससे मामले की कई कड़ियों की पुष्टि करने में दिक्कत आ रही है। बता दें कि 24 अप्रैल को आठवीं कक्षा के छात्र ने अपने दो सहपाठियों और एक दसवीं कक्षा के छात्र पर स्कूल में यौन शोषण का आरोप लगाया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.