विवेक विहार अग्निकांड: एक ही परिवार के 5 समेत 9 की मौत; मां से लिपटा मिला मासूम
पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग से 9 लोगों की मौत। एसी ब्लास्ट के बाद एक ही परिवार के 5 सदस्य जिंदा जले। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जांच के आदेश दिए।
पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में देर रात हुई एक भीषण अग्नि त्रासदी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. बी-ब्लॉक की एक इमारत के आठ फ्लैटों में लगी इस आग ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया. इस हादसे में अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जब राहतकर्मी घर के अंदर पहुंचे, तो वहां का दृश्य इतना विभत्स था कि पत्थर दिल भी पिघल जाए. डेढ़ साल के मासूम आरु का शरीर अपनी मां आंचल की छाती से चिपका हुआ मिला.
हादसा शनिवार-रविवार की दरमियानी रात उस वक्त हुआ जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे. आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला. इस अग्निकांड में अरविंद जैन (62), उनकी पत्नी अनिता जैन, बेटा निशांक (34), बहू आंचल और पोता आरु (1.5 वर्ष) जिंदा जल गए. मृतकों के शरीर इस कदर जल चुके हैं कि उनकी पहचान कर पाना भी मुश्किल हो रहा है. अवशेषों के जरिए शवों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है.
वीडियो कॉल पर निशांक की आखिरी चीख- भैया बचा लो
यह हादसा सिर्फ मौत का तांडव नहीं, बल्कि रिश्तों की एक दर्दनाक दास्तां भी है. निशांक जैन, जो पेशे से सीएस (CS) थे, अपने भाई दीपक जैन (CA) के साथ इसी घर में रहते थे. रविवार को दीपक के तीन साल के बेटे का जन्मदिन था, जिसे मनाने के लिए दीपक सपरिवार मानेसर गए हुए थे. निशांक को भी उनके साथ जाना था, लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण वह रुक गए थे. रात 12 बजे दोनों भाइयों ने वीडियो कॉल पर बात की और केक भी काटा. लेकिन तड़के 3 बजे एसी (AC) में ब्लास्ट होने से घर आग का गोला बन गया.
निशांक ने जलते हुए घर के भीतर से अपने भाई दीपक को वीडियो कॉल किया और रोते हुए गुहार लगाई, “भैया हमें बचा लो, घर में आग लग गई है.” वह निशांक की आखिरी कॉल थी. अब शवों की पहचान के लिए दीपक के डीएनए (DNA) सैंपल लिए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया है. उन्होंने कहा कि 9 लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है. मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि हादसे के असल कारणों का पता लगाया जा सके.