ढिगावा मंडी: राजकीय कन्या स्कूल के नए भवन का शुभारंभ; 10 साल बाद पूरा हुआ सपना

ढिगावा मंडी में एसडीएम मनोज कुमार दलाल ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का शुभारंभ किया। कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई अब नए परिसर में शुरू।

ढिगावा मंडी। नवनिर्मित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन का सोमवार को लोहारू के उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) मनोज कुमार दलाल ने शुभारंभ किया। एक माह से उद्घाटन का इंतजार कर रहे इस भवन में कक्षा 1 से 12 तक की कक्षाएं शुरू हो गई हैं।

नया विद्यालय भवन विद्यार्थियों के लिए तैयार होने के बावजूद पिछले एक माह से शुभारंभ की प्रतीक्षा में था। अब भवन का कार्य पूरा होने के बाद सोमवार से यहां पढ़ाई शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार भाजपा सरकार के प्रथम चरण में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वर्ष 2016 में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत इस स्कूल भवन के निर्माण के लिए बजट जारी किया था।

निर्माण कार्य पूरा होने में करीब 10 वर्ष लग गए। 31 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तोशाम प्रवास के दौरान भवन का उद्घाटन किया था लेकिन कार्य अधूरा होने के कारण कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी थीं।

सोमवार को भवन का कार्य पूरा होने के बाद एसडीएम मनोज कुमार दलाल ने इसका विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री सुशासन सहायक ऋषभदेव ने कहा कि सरकार लड़कियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और यह भवन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

विद्यालय प्रवक्ता जयवीर मान ने ड्यूल डेस्क, ठंडे पानी के रेफ्रिजरेटर और ब्लैकबोर्ड की मांग रखी जिस पर जल्द पूर्ति का आश्वासन दिया गया।

खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा ने विश्वास जताया कि विद्यालय इसी तरह निरंतर प्रगति करता रहेगा। इस अवसर पर प्राचार्य भरत सिंह, प्राचार्य जयवीर सिंह, प्राचार्य कमलेश कुमारी तथा हसला के जिला प्रधान महेंद्र मान सहित अन्य उपस्थित रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.