Jind News: जींद नागरिक अस्पताल में दो गर्भवती महिलाओं की मौत, हाई ब्लड प्रेशर बना कारण

जींद नागरिक अस्पताल में प्रसव के लिए लाई गई दो महिलाओं (असीमा और पूजा) की उपचार के दौरान मौत। डॉक्टरों के अनुसार हाई बीपी (High BP) बिगड़ने से हुआ हादसा। पुलिस जांच जारी।

जींद: नागरिक अस्पताल जींद में शुक्रवार सुबह प्रसव के लिए लाई गई 2 जच्चाओं की मौत हो गई। बख्शी मोहल्ला निवासी असीमा (35) व श्याम नगर निवासी पूजा (30) दोनों ही 8-8 माह की गर्भवती थीं। दोनों महिलाओं को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। अस्पताल में दोनों महिलाओं की दाखिला प्रक्रिया होने के बाद ट्रीटमेंट शुरू किया गया। कुछ समय के बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने परिजनों को बताया कि असीमा व पूजा की उपचार के दौरान मौत हो गई है।

चिकित्सकों के अनुसार दोनों महिलाओं को हाई ब्लड प्रैशर की शिकायत थी। दोनों महिलाओं के परिजनों ने किसी प्रकार के कोई आरोप नहीं लगाए हैं। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक दोनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने महिला असीमा का शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि महिला पूजा के मायका पक्ष के लोगों का इंतजार किया जा रहा है।

नागरिक अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. राशि ने बताया कि जब दोनों महिलाओं को अस्पताल में दाखिल करवाया गया तो उस समय अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. वंदना व डा. पूजा मौजूद थीं। दोनों महिला डॉक्टरों ने उक्त दोनों महिलाओं का इलाज शुरू कर दिया लेकिन दोनों महिलाओं ने हालत बिगड़ने पर दम तोड़ दिया। दोनों महिलाओं को बचाने के प्रयास भी किए गए। उनका ब्लड प्रैशर अधिक था जो कंट्रोल नहीं हो पाया।

वहीं नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. रघुवीर पूनिया ने बताया कि दोनों महिलाओं को अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो परिजनों ने उनको यहां दाखिल करवाया गया था। महिला रोग विशेषज्ञों से बातचीत करके मौत के कारणों का पता किया गया है। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और बारीकी से मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.