Deoria Police Encounter: देवरिया में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से शातिर लुटेरा घायल

देवरिया के रुद्रपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़। केटीएम बाइक सवार लुटेरों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में शातिर बदमाश जैनुद्दीन उर्फ गोगा घायल। लूट के गहने बरामद।

यूपी के देवरिया जिले में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार किए गए. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, लूट के गहने और नगदी बरामद की है. दोनों बदमाश महिलाओं को निशाना बनाकर झपटमारी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे. मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर और गौरी बाजार थाना पुलिस बीती रात करीब 11:30 बजे रामपुर चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध केटीएम बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने बैरियर लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे. पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जैनुद्दीन उर्फ गोगा नामक बदमाश के पैर में गोली लग गई. वहीं उसके साथ मौजूद दूसरे बदमाश को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया. घायल बदमाश को उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.

झपटमारी और लूट की घटनाओं को देते थे अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वह बाइक से सड़क पर आने-जाने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे. मौका मिलते ही महिलाओं के पर्स, बैग और गहनों को झपट्टा मारकर फरार हो जाते थे. पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों के खिलाफ कोतवाली और गौरीबाजार थाने में पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं.

बरामद किए गए दो अवैध तमंचे

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, 6 कारतूस, महिलाओं से लूटे गए सोने के आभूषण और नगदी बरामद की है. पुलिस अब दोनों के आपराधिक रिकाॅर्ड की जांच कर रही है और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है.

मामले में रुद्रपुर सीओ सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी. जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ है और दूसरे को गिरफ्तार किया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.