NIT Kurukshetra: एनआईटी कुरुक्षेत्र में मेस कर्मचारी ने की आत्महत्या, 2 महीने में 5वीं मौत से हड़कंप

कुरुक्षेत्र एनआईटी के हॉस्टल नंबर-4 की मेस में कर्मचारी ने फंदा लगाकर दी जान। मृतक हरदोई (UP) का निवासी था। संस्थान में 2 महीने के भीतर यह आत्महत्या का 5वां मामला है।

कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) में सोमवार सुबह एक और आत्महत्या का मामला सामने आया। हॉस्टल नंबर-4 की मेस में काम करने वाले कर्मचारी ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान UP के हरदोई निवासी कौशल के रूप में हुई है। वह मेस में रोटी बनाने का काम करता था।

घटना सोमवार सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। कर्मचारियों और छात्रों ने मेस के पीछे बने हिस्से में उसका शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत संस्थान प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कौशल पिछले कुछ समय से मेस में काम कर रहा था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

दो महीने में पांचवां आत्महत्या का मामला
एनआईटी कुरुक्षेत्र में लगातार सामने आ रहे आत्महत्या के मामलों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले बीते करीब दो महीनों के दौरान चार छात्र आत्महत्या कर चुके हैं। अब मेस कर्मचारी की मौत के बाद संस्थान का माहौल फिर से गंभीर हो गया है।

छात्रों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा बनी रही। लगातार हो रही घटनाओं के कारण कैंपस में मानसिक दबाव और माहौल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि संस्थान प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। थर्ड गेट चौकी इंचार्च विनोद कुमार का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिवार के बयान के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.