Prateek Yadav News: “डिप्रेशन में थे प्रतीक…”, जिम पार्टनर ने किया मौत से पहले की स्थिति का बड़ा खुलासा
प्रतीक यादव के निधन पर जिम पार्टनर का बड़ा खुलासा! 13 साल पुराने दोस्त ने बताया- फिटनेस फ्रीक होने के बावजूद डिप्रेशन और पारिवारिक तनाव में थे प्रतीक। जानें पूरी कहानी।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के अचानक निधन से हर कोई हैरान है. हालांकि उनके बारे में कहा जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे. प्रतीक की मौत पर उनके जिम में साथ काम करने वाले शख्स का कहना है कि वह अपनी फिटनेस का खास ख्याल रखते थे. वह लोगों से अच्छे से मिलते थे.
‘ठीक होने के बाद फिर से शुरू किया था जिम’
दोस्ती को लेकर उन्होंने आगे कहा, “हम लोग जब भी मिलते थे अच्छे से मिलते थे. लेकिन जब वो बीमार हुए तो जिम आने छूट गया, लेकिन जब सही हुए तो फिर से जिम आने लगे. उन्होंने जिम शुरू कर दिया और वर्कआउट शुरू कर दिया. लेकिन अब क्या बता सकते हैं.”
प्रतीक के साथ अपने संबंधों को याद करते हुए जिम पार्टनर ने बताया, “हमारी बहुत पुरानी दोस्ती थी. उनके साथ करीबी को लेकर क्या कहें, हम तो निजी तौर पर उन्हें जानते थे. हम करीब 13 साल यानी 2012-13 से ही एक-दूसरे को जानते थे. हालांकि उन्होंने साफ किया कि उनकी बीमारी को लेकर आपस में कोई बात नहीं होती थी, अब क्या ही कहा जा सकता है.
इससे पहले मुलायम सिंह यादव के बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आज सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल में निधन हो गया. कहा जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया था. सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, देवेश चंद्र पांडेय का कहना है, “वे मृत अवस्था में सुबह 5:55 बजे लाए गए थे. मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई थी. पुलिस आई तो पुलिस ने बॉडी का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.”
CM योगी-अखिलेश ने निधन पर जताया शोक
उनके निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाई अखिलेश यादव समेत कई दिग्गज हस्तियों ने शोक प्रकट किया. अखिलेश ने कहा, “प्रतीक यादव का निधन, अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे. विनम्र श्रद्धांजलि.”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी शोक जताते हुए कहा, “मुलायम सिंह यादव के पुत्र और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति और शोकाकुल परिजनों को अथाह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें.”