Andrew Flintoff BBL Coach: एंड्रयू फ्लिंटॉफ बनेंगे सिडनी थंडर के कोच; काव्या मारन का ऑफर ठुकराकर बटोरी थीं सुर्खियां

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू फ्लिंटॉफ अब BBL में सिडनी थंडर की कमान संभालेंगे। जानें क्यों ठुकराया था काव्या मारन की टीम का ऑफर और बॉक्सिंग-WWE से उनका खास कनेक्शन।

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेट कप्तान एंड्रयू फ्लिंटॉफ अब ऑस्ट्रेलिया की T20 लीग BBL में हेड कोच की भूमिका में नजर आने वाले हैं. BBL की फ्रेंचाइजी सिडनी थंडर जल्दी ही उन्हें अपना कोच बनाने का ऐलान करने वाली है. ट्रेवर बेलिस के अलग होने के बाद सिडनी थंडर को बिग बैश के अगले सीजन के लिए नए कोच की तलाश थी, जो अब फ्लिंटॉप पर आकर खत्म होती दिख सकती है. सितंबर 2010 में क्रिकेट से रिटायर होने के बाद एंड्रयू फ्लिंटॉफ कभी बॉक्सिंग, कभी WWE में किस्मत आजमाने, कभी क्रिकेट कोचिंग तो कभी अपनी एक्टिंग को लेकर लगातार चर्चा में रहे.

काव्या मारन का ऑफर ठुकराने वाला बना इस क्रिकेट टीम का कोच

एंड्रयू फ्लिंटॉफ इंग्लैंड की क्रिकेट लीग द हंड्रेड में काव्या मारन की टीम नॉर्दन सुपरचार्जर्स के कोच रहे थे. हालांकि, एक सीजन में कोचिंग की जिम्मेदारी निभाने के बाद उन्होंने दूसरे सीजन के लिए मिले ऑफर को ठुकरा दिया था. बियर्ड बिफोर विकेट पॉडकास्ट पर फ्लिंटॉफ ने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा था कि वो काव्या मारन और उनकी टीम मैनेजमेंट के रवैये से खुश नहीं थे. उनके मुताबिक उन्हें वो वैल्यू नहीं मिली जिसके वो हकदार थे.

बहरहाल, अब उनके बिग बैश लीग में सि़डनी थंडर के कोच बनाए जाने की खबर है, जिसने लीग के 2025-26 सीजन में अपने सफर का अंत सबसे आखिरी पायदान पर रहकर किया था.

हेवीवेट बॉक्सर को चटाई थी धूल

क्रिकेट से रिटायर होने के बाद एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने 2012 में हेवीवेट बॉक्सिंग की रिंग में भी कदम रखा, जहां अपने डेब्यू मैच में उन्होंने अमेरिका के हेवीवेट बॉक्सर रिचर्ड डॉसन को पॉइंट्स के आधार पर हराया था.

WWE में अंडरटेकर से लड़ने को थे तैयार

बॉक्सिंग की रिंग के साथ उन्होंने WWE की रिंग में भी उतरने का मन बनाया था, जिसका खुलासा उन्होंने द ओवरलैप स्टिक टू क्रिकेट पॉडकास्ट पर किया था. उन्होंने कहा था कि 2010 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद कुछ टीवी के ऑफर्स भी मेरे पास आए थे जिसके लिए मैंने कभी भी नहीं सोचा था.

फ्लिंटॉफ ने बताया कि उन्होंने लगभग WWE भी जॉइन कर ही ली थी, जबकि रेसलिंग करने की कोई योजना भी नहीं थी. उन्होंने बताया कि ये आइडिया इसलिए आया था क्योंकि उन्हें WWE पसंद था. इसी दौरान फ्लिंटॉफ ने स्वीकार किया कि वो WWE में अंडरटेकर से लड़ना चाहते थे.

एंड्र्यू फ्लिंटॉफ ने इंग्लैंड के लिए 227 मैच खेले हैं, जिसमें 7000 से ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाए हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.