Yamunanagar PNDT Raid: यूपी के देवबंद में यमुनानगर स्वास्थ्य विभाग की रेड; भ्रूण जांच रैकेट का भंडाफोड़, दलाल गिरफ्तार
यमुनानगर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन! फर्जी ग्राहक बन यूपी के देवबंद में पोर्टेबल मोबाइल मशीन से भ्रूण जांच करने वाले गिरोह को पकड़ा। कुरुक्षेत्र की महिला दलाल गिरफ्तार।
यमुनानगर : यमुनानगर और आसपास के गांव में इन दिनों भ्रुण जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग की बराबर नजर बनी हुई थी और ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम को जब भ्रूण जांच करने वाले गिरोह के बारे में पता चला तो स्वास्थ्य विभाग में एक फर्जी ग्राहक बना दिया। इस ग्राहक को लेकर दलाल ने एक लैब टेक्नीशियन से बात की। वह था तो उत्तर प्रदेश का रहने वाला लेकिन भ्रूण जांच का काम हरियाणा उत्तर प्रदेश बॉर्डर कलानौर के आसपास करता था। स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस ने जब संयुक्त ऑपरेशन के दौरान उन्हें पकड़ना चाहा तो किसी कारणवश कलानौर बॉर्डर पर यह इन्हें पकड़ने में कामयाब नहीं हो पाए और दलाल व डॉक्टर फर्जी ग्राहक को अपने साथ सहारनपुर के देवबंद इलाके में ले गया। यहां एक मकान की तीसरी मंजिल पर उसने भ्रूण जांच की तो पता चला की फर्जी ग्राहक जुड़वा बच्चों को जन्म देने वाली है।
ऐसे में डॉक्टर ने कहा कि वह एक बच्चे का 30000 रुपए लगेंगे, अगर दोनों का जांच करवानी है तो 60000 रुपए देने होंगे। जैसे-तैसे कर सौदा 40000 में हो गया और डॉक्टर ने बताया कि फर्जी ग्राहक एक लड़का और एक लड़की को जन्म देगी। तभी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके घर पर रेड कर दी। हालांकि मौका पाते ही डॉक्टर जोकि लैब टेक्नीशियन था वह मौके से फरार हो गया, लेकिन टीम के हाथ उसकी सहायक और दलाल दोनों लग गए। पुलिस ने मौके से उनके कब्जे से एक पोर्टेबल मशीन जिसका साइज महज मोबाइल जितना था वह तो कब्जे में ली। साथ ही दलाल के पास से 10000 रुपए की नगदी भी बरामद की, जबकि अन्य पैसे लैब टेक्नीशियन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस लैब टेक्नीशियन के सहायक और दलाल को हिरासत में लेकर यमुनानगर के थाना सदर में ले आए, क्योंकि यही से ही इन लोगों की सौदेबाजी शुरू हुई थी। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम का कहना है कि यह लोग लोगों को धोखे में रखकर उनसे पैसे ऐठनें का काम करते हैं और ज्यादातर लोगों को यह लोग कोख में पल रही लड़की बताकर उसका अबॉर्शन करवा देते हैं। ऐसे में पकड़ी गई दलाल पहले से कई मामलों को अंजाम दे चुकी है और अब जाकर यह स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के हाथ लगी है। पकड़ी गई दलाल कुरुक्षेत्र की बताई जा रही है फिलहाल पुलिस अब इन लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही अल्ट्रासाउंड करने वाले लैब टेक्नीशियन को भी गिरफ्तार करने की बात कह रही है।