Karnal News: करनाल ढाबा मर्डर केस; भुवनेश्वर ने तोड़ा दम, परिजनों का फूटा गुस्सा

करनाल मेरठ रोड ढाबे पर हमले में घायल भुवनेश्वर की फोर्टिस अस्पताल में मौत। गाड़ी से कुचलने का आरोप, सीसीटीवी में कैद वारदात। परिजनों ने पुलिस पर उठाए सवाल।

करनाल: मेरठ रोड स्थित एक ढाबे पर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए 21 वर्षीय भुवनेश्वर ने आखिरकार जिंदगी की जंग हार दी. चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में कई दिनों से उसका इलाज चल रहा था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं सके. जैसे ही भुवनेश्वर की मौत की खबर परिवार तक पहुंची, घर में मातम पसार गया और परिजनों का गुस्सा भी फूट पड़ा.

पोस्टमार्टम को लेकर बढ़ा तनाव: भुवनेश्वर की मौत के बाद परिजन बेहद आक्रोशित दिखाई दिए. परिवार ने शुरू में करनाल में पोस्टमार्टम करवाने से साफ इनकार कर दिया. परिजनों का कहना था कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे आगे की प्रक्रिया नहीं होने देंगे. काफी देर तक चले समझाने-बुझाने और पुलिस प्रशासन द्वारा जल्द गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिवार पोस्टमार्टम के लिए राजी हुआ. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप: मृतक के परिजन सुरेंद्र सिंह ने पूरी घटना को सुनियोजित साजिश बताया. उनका आरोप है कि “मेरठ रोड स्थित गौरव ढाबे पर पहले भुवनेश्वर की रेकी की गई, उसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया और फिर गाड़ी से कई बार कुचल दिया. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है और मौके पर मौजूद युवक इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी भी हैं. वारदात में इस्तेमाल हुई एक गाड़ी गुरुग्राम की और दूसरी करनाल की बताई जा रही है. आरोपी करनाल और आसपास के ही रहने वाले हैं. इसके बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है.”

परिवार का सवाल- आखिर गिरफ्तारी कब? परिजनों का आरोप है कि अब तक पुलिस ने उनके पूरे बयान तक दर्ज नहीं किए हैं और ना ही किसी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. परिवार लगातार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है. वहीं इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग भी पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.

पुलिस का दावा- आरोपियों की तलाश जारी: मामले की जांच कर रहे सिटी थाना पुलिस के जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि “भुवनेश्वर की मौत चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में हुई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.