Bhiwani News: लिंगानुपात सुधारने को एक्शन मोड में स्वास्थ्य विभाग; अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच शुरू
भिवानी में लिंगानुपात सुधारने के लिए पीएनडीटी केंद्रों के रिकॉर्ड की जांच। कम लिंगानुपात वाली 3 सीएचसी को शोकॉज नोटिस जारी। अनियमितता पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी।
भिवानी। जिले में लिंगानुपात सुधारने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अल्ट्रासाउंड और पीएनडीटी केंद्रों के रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीमें जिलेभर में अल्ट्रासाउंड केंद्रों और पीएनडीटी केंद्रों का निरीक्षण कर रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि जिले में कम लिंगानुपात वाले सीएचसी धनाना, सीएचसी जमालपुर और सीएचसी कैरू के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं इंचार्ज को शोकॉज नोटिस जारी किए गए हैं। उनसे कम लिंगानुपात के कारण और इसमें सुधार के लिए अगले दो महीने का रोडमैप मांगा गया है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी सीएचसी और पीएचसी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लिंगानुपात सुधारने के लिए जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश घर-घर तक पहुंच सके और जिले के लिंगानुपात में सुधार हो।