Delhi Heatwave Alert: दिल्ली में 44 डिग्री का टॉर्चर; IMD का ‘येलो अलर्ट’, जानें कब मिलेगी राहत
दिल्ली में गर्मी का सितम! IMD ने लू के थपेड़ों को देखते हुए जारी किया येलो अलर्ट। तापमान सामान्य से 3°C ऊपर पहुंचा। जानें इस हफ्ते के मौसम का पूरा पूर्वानुमान।
दिल्ली में गर्मी का तेवर लगातार लोगों को परेशान कर रहा है. मौसम विभाग ने गर्मी और लू के चलते हीटवेव की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. गर्मी का अंदाजा इसी आंकड़े से लगाया जा सकता है कि पूरी राजधानी में तापमान सामन्य से 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है. लू के थपेड़ों और झुलसा देने वाली तपिश की वजह से बाहर खुले में काम करने वाले लोगों के लिए दिन काटना मौत से लड़ने जैसा प्रतीत होता है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली को लेकर एक हफ्ते की मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है. इसमें दिल्ली वालों के लिए कोई राहत की खबर नहीं है. दिल्ली में इस हफ्ते और आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा जिससे तापमान में बढ़ोतरी दिख सकती है. इसकी वजह से कई क्षेत्रों में गर्म हवाएं चल सकती हैं.
कैसा रहेगा इस हफ्ते का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है. रविवार तक तापमान में एक डिग्री की गिरावट हो सकती है. हालांकि, शुक्रवार तक दिल्ली वालों को 44 डिग्री का टॉर्चर झेलना पड़ सकता है. इसके बाद कुछ राहत मिलने की संभावना है.
वहीं, न्यूनतम तापमान में शनिवार को 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है. खास बात ये है कि ये तापमान के नीचे आने की वजह से लोगों को राहत नहीं मिलेगी. क्योंकि अगले ही दिन ये एक बार फिर 32 डिग्री तक पहुंच जाएगा, ऐसा मौसम विभाग का अनुमान है.
करें तो करें क्या?
हाल के तापमान की बात करें तो पूरी दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1 डिग्री ज्यादा है. बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली वासियों से घर में रहने की अपील की है. विभाग ने कहा कि बिना महत्वपूर्ण काम के घरों से बाहर न निकलें. बीमारियों से बचने के लिए पानी का सेवन करें और मौसमी फल जैसे तरबूज, खरबूज, आम और संतरों को खाएं.