Delhi Crime: जहांगीरपुरी में युवक की संदिग्ध मौत; मरने से पहले पत्नी और सास पर लगाया जलाने का आरोप

दिल्ली के जहांगीरपुरी में खौफनाक वारदात। ससुराल पहुंचे युवक की जलकर मौत, मरने से पहले पत्नी और सास पर लगाया तेल डालकर आग लगाने का आरोप। पुलिस जांच में जुटी।

दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई. घटना महिंद्रा पार्क थाना क्षेत्र की है, जहां एक युवक अपनी पत्नी को लेने के लिए उत्तम नगर से ससुराल पहुंचा था. लेकिन कुछ ही देर बाद वह आग की लपटों में घिरा हुआ चौथी मंजिल से नीचे उतरता दिखाई दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अचानक चौथी मंजिल से जलती हालत में नीचे आया. उसके शरीर में आग लगी हुई थी और वह बुरी तरह झुलस चुका था. स्थानीय लोगों ने बिना अपनी जान की परवाह किए युवक की आग बुझाने की कोशिश की. लोगों ने पानी और कपड़ों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक युवक गंभीर रूप से झुलस चुका था. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मरने से पहले युवक ने लगाए गंभीर आरोप

मरने से पहले युवक ने अपनी पत्नी और सास पर गंभीर आरोप लगाए. युवक ने दावा किया कि दोनों ने उस पर तेल डालकर आग लगा दी. युवक के इस बयान के बाद मामला और भी गंभीर हो गया. वहीं दूसरी ओर पत्नी और सास ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. उनका कहना है कि युवक खुद अपने साथ तेल और फिनाइल लेकर आया था.

आरोपियों के मुताबिक युवक घर पहुंचने के बाद काफी गुस्से में था. उन्होंने दावा किया कि जब दरवाजा नहीं खोला गया तो उसने पहले फिनाइल पी और फिर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली. परिवार का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला है, जबकि मृतक के अंतिम बयान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया. पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. जांच के दौरान चौथी मंजिल से लेकर गली तक जले हुए अवशेष मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है.

पत्नी और सास से पूछताछ जारी

फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी और सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके. अधिकारियों का कहना है कि मामला आत्महत्या है या फिर हत्या, इसकी जांच हर एंगल से की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.