Haryana Heatwave: प्रदेश में भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट; रोहतक @46.9 डिग्री
हरियाणा में गर्मी का कहर: मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट। रोहतक में पारा 46.9 डिग्री के पार। 25 मई तक राहत की उम्मीद नहीं, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी।
चंडीगढ: हरियाणा में इस साल गर्मी ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं. राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है. मौसम विभाग ने हालात की गंभीरता को देखते हुए पहली बार राज्य में भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है. दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा नजर आने लगा है.
रोहतक सबसे गर्म: प्रदेश में रोहतक सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा सिरसा, भिवानी, करनाल, अंबाला और अन्य कई शहरों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक गर्मी का प्रकोप और तेज हो सकता है. अंबाला में तापमान 44.4 डिग्री जबकि करनाल में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
25 मई तक राहत की उम्मीद नहीं: मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 से 6 दिनों तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. 19 मई से 25 मई तक अधिकांश जिलों में तीव्र हीटवेव जारी रहने की संभावना है. विशेषज्ञों का कहना है कि 25 मई से नौतपा शुरू होने के बाद तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.
लोगों के लिए एडवाइजरी जारी: तेज गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और मौसम विभाग ने संयुक्त एडवाइजरी जारी की है. लोगों को लगातार पानी पीने, ओआरएस घोल, छाछ, लस्सी और नींबू पानी का सेवन करने की सलाह दी गई है. बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और सिर को कपड़े या टोपी से ढकने की हिदायत दी गई है. बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है क्योंकि उनमें हीट स्ट्रोक का खतरा ज्यादा रहता है.
खेती और पशुधन पर भी असर: भीषण गर्मी का असर खेती और पशुधन पर भी दिखाई देने लगा है. कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि फसलों की सिंचाई सुबह या देर शाम को ही करें ताकि मिट्टी का तापमान नियंत्रित रहे. तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए सब्जियों में फिलहाल सिंचाई रोकने और अगले तीन दिनों तक कपास की बुवाई टालने की सलाह दी गई है. वहीं पशुओं को ठंडे स्थान पर रखने, पर्याप्त पानी देने और मिनरल मिक्सचर खिलाने की अपील की गई है.
रातों का तापमान भी बढ़ा: दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं. प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है. भिवानी में रात का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि अंबाला में यह 29.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. दूसरी ओर यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्म रातों से लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है.