कुरुक्षेत्र मुठभेड़: STF ने भाऊ गैंग के 2 शूटरों को किया ढेर; 20 राउंड चलीं गोलियां

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़। 20 राउंड फायरिंग के बाद भाऊ गैंग के दो शूटर कशिश और हर्ष गिरफ्तार। विदेशी पिस्टल बरामद, जांच जारी।

कुरुक्षेत्र: मंगलवार देर शाम स्पेशल टास्क फोर्स और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. शाहबाद जीटी रोड पर गांव रतनगढ़ के पास हुई इस क्रॉस-फायरिंग में कुख्यात भाऊ गैंग के दो शूटरों के पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद एसटीएफ ने उन्हें हथियारों समेत धर दबोचा. दोनों ओर से करीब 20 राउंड गोलियां चलने की सूचना है.

गुप्त सूचना पर STF ने बिछाया था जाल​: जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की करनाल यूनिट को पुख्ता इनपुट मिला था कि भाऊ गैंग के दो शूटर अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में कुरुक्षेत्र इलाके में घूम रहे हैं. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसटीएफ के इंचार्ज दीपेंद्र राणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया और शाहाबाद क्षेत्र में नाकाबंदी की.

​रोहतक भागने की फिराक में थे बदमाश: देर ​शाम के समय दोनों बदमाश शाहाबाद के गांव रतनगढ़ स्थित जाट भवन के पास खड़े होकर रोहतक जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे. इस दौरान एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें सरेंडर करने को कहा. खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने घबराहट में एसटीएफ टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी. एसटीएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई इस मुठभेड़ में करीब 20 राउंड गोलियां चलीं. पुलिस की सटीक जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोलियां लगीं और वे जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद टीम ने उन्हें दबोच लिया.

विदेशी हथियार बरामद, अमृतसर के रहने वाले हैं शूटर: ​एसटीएफ की गिरफ्त में आए बदमाशों की पहचान कशिश और हर्ष के रूप में हुई है. ये दोनों पंजाब के अमृतसर के निवासी हैं और वर्तमान में भाऊ गैंग के लिए बतौर शूटर काम कर रहे थे. पुलिस ने इनके पास से दो अत्याधुनिक विदेशी पिस्टल भी बरामद की हैं.

अस्पताल में कराया गया भर्ती: ​घायल शूटरों को तुरंत खून से लथपथ हालत में शाहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत और बेहतर इलाज के मद्देनजर कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. फिलहाल दोनों पुलिस कस्टडी में उपचाराधीन हैं

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस: ​एसटीएफ करनाल यूनिट के इंचार्ज दीपेंद्र राणा ने बताया “दोनों शूटरों को मुठभेड़ के बाद काबू किया गया है. इनके पास से विदेशी हथियार मिले हैं. फिलहाल टीम इनके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और ये पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे हरियाणा में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने आए थे और उन्हें यहां किसने शरण दी थी. ​पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन और स्थानीय नेटवर्क की जांच कर रही है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.