भिवानी में पानी का हाहाकार: 5 महीने से किल्लत, सांसद धर्मबीर सिंह को सौंपा ज्ञापन
भिवानी के दादरी गेट, ढाणा रोड सहित कई इलाकों में 5 महीने से पेयजल संकट। बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग। सांसद धर्मबीर सिंह ने मुख्य पाइपलाइन जोड़ने का दिया आश्वासन।
भिवानी। शहर के कई क्षेत्रों में पिछले पांच महीने से बनी पेयजल किल्लत के चलते लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों ने भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक भगवान दास कालिया के नेतृत्व में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर जल्द राहत दिलाने की मांग की।
भगवान दास कालिया ने सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। स्थानीय निवासियों ने शिकायत में आरोप लगाया कि क्षेत्र में एक दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति की जाती है और वह भी केवल करीब 10 मिनट तक ही रहती है। इतने कम समय में दैनिक जरूरतों के लिए पानी भरना भी मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं। कॉलोनी के लोग कई बार विभाग के एक्सईएन और एसडीओ कार्यालय भी पहुंचे तथा अधिकारियों को जमीनी स्थिति से अवगत कराया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया।