मध्यप्रदेश के सतना के एक स्कूल से शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक निजी स्कूल में महज होमवर्क पूरा न करने पर यूकेजी में पढ़ने वाली 6 साल की मासूम बच्ची के साथ महिला टीचर ने बेरहमी से मारपीट की. टीचर के थप्पड़ से बच्ची जमीन पर गिर गई, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया. बच्ची के हाथों पर प्लास्टर है. वहीं, पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपी शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घटना सतना शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत अमौधा स्थित एक निजी स्कूल की है. पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि घर में छोटी बेटी का जन्मदिन होने के कारण उत्सव का माहौल था. इसी वजह से उनकी 6 वर्षीय बेटी, जो यूकेजी में पढ़ती है, इंग्लिश का होमवर्क पूरा नहीं कर पाई थी. मंगलवार को स्कूल में जब इंग्लिश की टीचर सपना खरे ने कॉपी चेक की और होमवर्क अधूरा पाया, तो वे आपा खो बैठीं.