Rewari Factory Fire: बावल फैक्ट्री अग्निकांड में 6 दिन बाद मिले 2 लापता कर्मचारियों के कंकाल

रेवाड़ी की GLS केमिकल फैक्ट्री अग्निकांड में बड़ा अपडेट। 6 दिन से लापता बिहार के 2 कर्मचारियों के कंकाल बरामद। कुल मौतें 3 हुईं। जानें NDRF सर्च ऑपरेशन और जांच की ताजा स्थिति।

रेवाड़ी: रेवाड़ी के बावल सेक्टर-5 स्थित GLS केमिकल फैक्ट्री में 19 मई को लगी भीषण आग के छह दिन बाद लापता दो कर्मचारियों के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई. दरअसल, रविवार को चलाए गए सर्च अभियान के दौरान दोनों कर्मचारियों के कंकाल फैक्ट्री परिसर से बरामद किए गए. इस हादसे में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो चुकी है. घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है.

बिहार के रहने वाले थे दोनों कर्मचारी: आग लगने के बाद से बिहार के शेखपुरा निवासी 26 वर्षीय धर्मेन्द्र और नालंदा निवासी सतेन्द्र लापता थे. फैक्ट्री पूरी तरह जल जाने के कारण उनकी तलाश में लगातार कठिनाई आ रही थी. दोनों के परिजन पिछले छह दिनों से कंपनी गेट के बाहर डटे हुए थे और लगातार प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे थे. रविवार को जैसे ही दोनों कर्मचारियों के अवशेष मिलने की सूचना परिवारों को दी गई, वहां कोहराम मच गया.

पहले भी हो चुकी है एक कर्मचारी की मौत: इस भीषण अग्निकांड में छह कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए थे. इनमें कर्मचारी हरीबाबू की इलाज के दौरान पहले ही मौत हो चुकी है. अन्य घायल कर्मचारियों प्रवेश, विक्रम, अमित और प्रदीप का इलाज अभी जारी है. इनमें से एक कर्मचारी की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है. हादसे में कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान होने की भी आशंका जताई जा रही है.

प्रशासन और NDRF ने संभाला मोर्चा: घटना के बाद जिला पुलिस अधीक्षक हेमेन्द्र कुमार मीणा और उपायुक्त अभिषेक मीणा ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया था. बचाव और तलाशी अभियान के लिए NDRF की टीम को भी बुलाया गया था. आग की भयावहता के कारण फैक्ट्री परिसर में सर्च ऑपरेशन कई दिनों तक जारी रहा. तकनीकी जांच के लिए मुंबई से विशेषज्ञ टीम भी बुलाई गई है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके.

आज होगा पोस्टमार्टम: इस पूरे मामले में बावल थाना प्रभारी फूल सिंह ने कहा कि, “19 मई को बावल की एक कंपनी में आग लगने के बाद दो कर्मचारी लापता हो गए थे. परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था. रविवार को सर्च अभियान के दौरान दो मानव कंकाल मिले हैं. शवों को रेवाड़ी नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है. सोमवार को पोस्टमार्टम के साथ डीएनए सैंपल लिए जाएंगे.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.