गाजियाबाद: ‘मैं घूंघट करूं तो पति शेरवानी पहने’, रील और कपड़ों पर टूटे रिश्ते
गाजियाबाद परिवार परामर्श केंद्र में रिश्तों के टूटने की अजीब वजहें। घूंघट के जवाब में शेरवानी की मांग, इंस्टाग्राम रील और लाइफस्टाइल विवाद के कारण टूटी शादियां।
गाजियाबाद के परिवार परामर्श केंद्र में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसमें महिला ने शादी के दो दिन बाद ही ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। विवाहिता ने बताया कि ससुराल वाले उस पर घूंघट करने का दबाव बना रहे हैं। इस पर महिला ने कहा कि यदि मैं घूंघट करूंगी तो लड़का भी शेरवानी पहनकर घूमे।
भोजपुर की ममता की एक साल पहले अलवर, राजस्थान के अंकुर ( दोनों बदला हुआ नाम) से शादी हुई थी। ममता गृहिणी हैं और अंकुर निजी कंपनी में नौकरी करता है। ममता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उस पर घूंघट करने का भारी मानसिक दबाव बनाया जा रहा था, जो उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता का हनन है। पिछले महीने ही दोनों की शादी को एक साल हुआ है। काउंसलर्स ने मामले की सुनवाई कर दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की।
कई सुनवाई के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया और दोनों ने समझौता करने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामले की फाइल परामर्श केंद्र से बंद कर कोर्ट भेज दी गई है। दोनों ने तलाक की अर्जी कोर्ट में डाली है। परामर्श केंद्र के काउंसलर्स ने बताया कि इन दिनों शादीशुदा जोड़ों के बीच वैचारिक मतभेद और आधुनिक जीवनशैली को लेकर विवाद तेजी से बढ़ रहे हैं।
जींस-टीशर्ट पहनने पर पाबंदी
एक अन्य मामले में शादी के एक हफ्ते बाद ही महिला ने शिकायत की कि उसे मायके की तरह वेस्टर्न कपड़े पहनने की इजाजत नहीं दी जा रही है। उसे लगातार साड़ी पहनने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। महिला शादी से पहले नौकरी करती थी, लेकिन बाद में उसने नौकरी छोड़ दी। महिला का पति निजी कंपनी में नौकरी करता है। इस पर दोनों पक्षों को समझाने के बाद समझौता कराया गया।
रील के विवाद में कलह
एक पति ने अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई कि वह दिनभर इंस्टाग्राम रील बनाने में व्यस्त रहती है। इससे पारिवारिक शांति और प्राइवेसी प्रभावित हो रही है। पति ने बताया कि महिला पूरा दिन वीडियो कॉल पर मायके में बात करती रहती है। पति एक फैक्ट्री में नौकरी करता है और पत्नी गृहिणी है। दोनों की शादी को तीन साल हो गए हैं और उनका एक साल का बच्चा है। दोनों को समझा कर मामले में समझौता कराया गया।
लाइफस्टाइल में अंतर से विवाद
वसुंधरा के एक पढ़े-लिखे जोड़े में विवाद इस बात पर शुरू हुआ कि पति को देर रात तक जागने और अव्यवस्थित रहने की आदत थी, जबकि पत्नी कड़े अनुशासन और स्वच्छता की मांग कर रही थी। दोनों आईटी कंपनी में इंजीनियर हैं और उनकी शादी को अभी डेढ़ साल हुआ है। मामला तलाक की दहलीज तक आ पहुंचा। दोनों ने समझौता करने से इनकार कर दिया और रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया।