गुरुग्राम मुठभेड़: 5 हजार का इनामी बदमाश नितिन गिरफ्तार; पुलिस पर की फायरिंग

गुरुग्राम के सेक्टर-93 में बड़ी मुठभेड़! 18 संगीन मामलों में वांछित बदमाश नितिन उर्फ छोटू पैर में गोली लगने से घायल। बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई पुलिसकर्मी की जान।

गुरुग्राम: गुरुग्राम के सेक्टर-93 इलाके में गुरुवार सुबह पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया, जबकि एक पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गया. पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है.

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल: गुरुग्राम एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि, “गुरुग्राम पुलिस की पालम विहार क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि हत्या, किडनैपिंग और लूट जैसी गंभीर वारदातों में शामिल एक शातिर अपराधी सेक्टर-93 इलाके से गुजरने वाला है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी.”

रुकने के इशारे पर पुलिस पर चलाई गोलियां: एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने आगे कहा कि, “सुबह के समय जैसे ही एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को दिखाई दिया, उसे रुकने का संकेत दिया गया. पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब सात राउंड फायरिंग हुई. आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली एक पुलिसकर्मी को लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. पुलिसकर्मी को कोई गंभीर चोट नहीं आई.”

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली: पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर ही उसे काबू कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया.

18 संगीन मामलों में वांछित है आरोपी: गुरुग्राम एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि, “गिरफ्तार आरोपी की पहचान झज्जर निवासी 23 वर्षीय नितिन उर्फ छोटू के रूप में हुई है. उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उद्योग विहार थाना क्षेत्र में दर्ज किडनैपिंग मामले में पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी.”

कई मामलों में घोषित है भगोड़ा: एसीपी नवीन शर्मा ने आगे कहा कि, “नितिन उर्फ छोटू के खिलाफ हत्या, लूट, जानलेवा हमला समेत करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह कई मुकदमों में अदालत द्वारा भगोड़ा भी घोषित किया जा चुका है. आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार और बाइक बरामद कर ली है. मामले में आगे की जांच जारी है. आरोपी से पूछताछ के बाद कई अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.