मोरनी जनसुनवाई: CM नायब सैनी का कड़ा रुख; लापरवाह ठेकेदार पर FIR के आदेश

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोरनी में सुनीं जन समस्याएं। बिजली संकट पर ठेकेदार पर FIR के निर्देश। PHC मोरनी को CHC में अपग्रेड करने की घोषणा। जानें मुख्य फैसले।

हरियाणा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोरनी स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जन कल्याण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

टिक्कर हिल्स पंचायत में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए ट्रांसफार्मर लगाने में देरी पर मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा लापरवाह अधिकारियों पर कारर्वाई के निर्देश दिए। वहीं बाबरवाली गांव में सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए। जन सुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और पेंशन संबंधी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समलोथा-जियाघाट और भयाल-दुंदल सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के आदेश भी दिए गए। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मोरनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भवन का विस्तार कर बहुमंजिला ढांचा विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए पंचकूला नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने विभिन्न गांवों में कम वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए नए ट्रांसफार्मर लगाने, बिजली लाइनों को मजबूत करने तथा पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में नई पाइपलाइन और ट्यूबवेल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बसवाला गांव में पुल निर्माण के लिए भी विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार‘अंत्योदय’की भावना के तहत अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.