भूकंप से हिली पंचकूला-चंडीगढ़ की धरती; घरों से बाहर निकले लोग, जानें तीव्रता
पंचकूला, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल में देर रात भूकंप के तेज झटके। रिक्टर स्केल पर 4.3 रही तीव्रता, धर्मशाला के पास था केंद्र।
पंचकूला : पंचकूला में देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिससे लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप के झटकों से धरती हिली और लोग घरों से बाहर आ गए। भूकंप के झटके रात करीब 10:04 बजे पंचकूला सहित हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से लगभग 18 किलोमीटर दूर बताया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.3 आंकी गई है। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। पंचकूला, चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में कुछ सेकंड तक धरती हिलने का एहसास हुआ, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। आधिकारिक एजेंसियों की ओर से विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार हिमालयी क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है, जिसके कारण समय-समय पर यहां भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं।