हरियाणा: पानीपत अस्पताल के लिए 219 नए पद मंजूर, कुरुक्षेत्र में अपग्रेड होगी PHC
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की बड़ी पहल। पानीपत जिला नागरिक अस्पताल के लिए 219 नए पदों को मंजूरी और कुरुक्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र का अपग्रेडेशन।
चंडीगढ़ : स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में 2 महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। राज्य सरकार ने जहां 200 बैड के जिला नागरिक अस्पताल, पानीपत के लिए 122 नियमित पदों तथा 97 पद हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एच.के.आर.एन.) के माध्यम से भरने सहित कुल 219 पदों के सृजन एवं स्वीकृति प्रदान की है, वहीं जिला कुरुक्षेत्र के उप-स्वास्थ्य केंद्र थाना को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पी.एच.सी.) में अपग्रेड करने की मंजूरी भी दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन निर्णयों से लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि पानीपत के 200 बैड के नागरिक अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 122 नियमित पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, डेंटल सर्जन, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट, फिजियोथैरेपिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन, रेडियोग्राफर, ऑप्रेशन थिएटर सहायक, डाइटीशियन, बायो मैडीकल इंजीनियर, सोशल वर्कर तथा जनसंपर्क अधिकारी सहित विभिन्न श्रेणियों के पद शामिल हैं।