भिवानी टावर लाइन मुआवजा: सांसद धर्मबीर सिंह उठाएंगे केंद्रीय मंत्री के समक्ष मुद्दा
भिवानी में टावर लाइन प्रभावित किसानों की बैठक। सांसद धर्मबीर सिंह ने उचित मुआवजे और पोर्टल खोलने के लिए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से मिलने का दिया आश्वासन।
भिवानी। सिवानी से सोनीपत और सिवानी से जींद जाने वाली टावर लाइन से प्रभावित किसानों की मुआवजे संबंधी मांग केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखी जाएगी। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि टावर लाइन से संबंधित जमीन के मुआवजे की दरों को लेकर बनाई गई पॉलिसी और बंद हो चुके पोर्टल को दोबारा खोलने के मुद्दे पर वह शीघ्र ही केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से मुलाकात करेंगे।
सांसद धर्मबीर सिंह ने किसानों को कहा कि क्षेत्र के अनुसार जमीन के कलेक्टर रेट अलग-अलग होते हैं लेकिन किसानों को अधिक से अधिक मुआवजा राशि दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार से संबंधित मामला है इसलिए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर किसानों की मांगों को प्रमुखता से रखा जाएगा।