नोएडा में मौसम अपडेट: 12 जून से बारिश के आसार, गर्मी से मिलेगी राहत
नोएडा-एनसीआर में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत! मौसम विभाग ने 12 जून से बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। पढ़ें आगामी दिनों का मौसम अपडेट।
नोएडा और एनसीआर में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, 12 जून से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने के साथ नोएडा और आसपास के इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई जा रही है. पिछले कई दिनों से नोएडा में गर्मी अपना असर दिखा रही है.
दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. तापमान भी लगातार ऊंचा बना हुआ है. बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. हालांकि शाम होते-होते मौसम में अचानक बदलाव हुआ और तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने लोगों को काफी राहत दी, जिसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई.
12 जून से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 12 जून को नोएडा में प्री-मानसून बारिश का असर दिखाई दे सकता है. इस दौरान तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार भी बढ़ सकती है. करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. बारिश और बादल छाने के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. वहीं 13, 14 और 15 जून को भी मौसम बदला हुआ रह सकता है. गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है.
बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. इसके अलावा ज्यादा पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और धूप में निकलते समय बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है.
अधिकारियों का कहना है कि मौसम में बदलाव के बाद गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन लोगों को फिलहाल सतर्क रहने की जरूरत है.