चरखी दादरी: बाजार में भीषण आग, कई दुकानें जलकर राख; मचा हड़कंप

चरखी दादरी की बीकानेर वाली गली में बैग हाउस में लगी भीषण आग। तेज आंधी के कारण आसपास की दुकानें भी चपेट में आईं। दमकल की 5 गाड़ियों ने पाया काबू।

चरखी दादरी : चरखी दादरी शहर की बीकानेर वाली गली में गुरुवार देर रात अचानक लगी भीषण आग ने पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। आग सबसे पहले एक बैग हाउस में भड़की और कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तेज आंधी से तेजी से फैली आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवाओं और आंधी के कारण आग तेजी से आस-पास की दुकानों तक पहुंच गई। देखते ही देखते कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और उनमें रखा सामान जलने लगा। आग फैलने की सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे और सामान बचाने के प्रयास शुरू कर दिए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। आसपास की करीब 20 दुकानों को खाली कराया गया ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने भी प्रशासन का सहयोग करते हुए रातभर राहत कार्यों में भाग लिया और सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालात को नियंत्रित करने के लिए भिवानी और बाढ़ड़ा से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। कुल पांच दमकल गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अग्निकांड में बैग हाउस का अधिकांश सामान जलकर राख

अग्निकांड में बैग हाउस का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया, जबकि आसपास की कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.