गुड़गांव: सेक्टर-89 के जंगल में मिली महिला की नग्न लाश, इलाके में हड़कंप
गुड़गांव के सेक्टर-89 के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का सड़ा हुआ शव मिलने से सनसनी। पुलिस हत्या के एंगल से कर रही है जांच।
गुड़गांव : सेक्टर-89 में मॉल के सामने जंगल में एक महिला का नग्न शव सड़ी हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। यहां से गुजरने वाले लोगों को जब बदबू आई तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की कोई पहचान न होने के कारण इसे शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।
सेक्टर-93 चौकी पुलिस के मुताबिक, लोगों ने फोन कर इसकी जानकारी दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि जंगल में महिला का शव नग्न हालत में पड़ा है। देखने में लग रहा था कि महिला का शव करीब तीन से चार दिन पुराना है और उसके शरीर पर जो कपड़े थे वह भी सड़ चुके थे। आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। ऐसे में पुलिस इसे हत्या कर शव फेंकने के ऐंगल से भी जांच रही है। मौके पर फॉरेंसिक व अपराध शाखा की टीमों को भी बुलाया गया। जिन्होंने मौके से सबूत एकत्र किए हैं और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने गुमशुदा हुई महिलाओं का रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही अपहरण होने की जानकारी भी जुटानी शुरू कर दी है। इसके लिए आसपास के राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है ताकि मृतका की पहचान हो सके और उसकी मौत के कारणों का भी पता लग सके।