गुड़गांव: सेक्टर-29 के क्लब में युवकों से बेरहमी से मारपीट, केस दर्ज
गुड़गांव के सेक्टर-29 स्थित टॉय बॉक्स क्लब में दो युवकों के साथ मारपीट। कहासुनी के बाद आरोपियों ने की सरेआम गुंडागर्दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली।
गुड़गांव : सेक्टर-29 इलाके से एक बार फिर क्लब के अंदर मारपीट और गुंडागर्दी का मामला सामने आया। टॉय बॉक्स क्लब में दोस्तों के साथ आए उत्तर प्रदेश के दो युवकों पर युवकों ने कहासुनी होने पर बेरहमी से हमला कर दिया। आरोपियों ने न सिर्फ दोनों पीड़ितों को बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने पीड़ित शिकायत पर गुरुवार को सेक्टर-29 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से उत्तरप्रदेश के लखनऊ निवासी यश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार को सेक्टर-29 स्थित टॉय बॉक्स क्लब में दोस्त हर्ष के साथ आया था। क्लब में पार्टी के दौरान दौरान वहां मौजूद दो स्थानीय युवकों के साथ उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दोनों दोस्तों पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने क्लब के अंदर ही यश और हर्ष को घेर लिया और उनके साथ लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए क्लब के स्टाफ और अन्य लोगों के सामने ही आरोपियों ने सरेआम गुंडागर्दी की। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने टॉय बॉक्स क्लब के प्रबंधन से संपर्क कर वारदात के समय के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।