हांसी: चानौत गांव का धरना 29वें दिन भी जारी, मंत्री से बेनतीजा रही वार्ता

हांसी के चानौत गांव में पेयजल कनेक्शन की मांग को लेकर 29वें दिन धरना जारी। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के साथ बैठक बेनतीजा, ग्रामीणों ने ठुकराया वैकल्पिक प्रस्ताव।

हांसी : हांसी में भाखड़ा पाइपलाइन से पेयजल कनेक्शन की मांग को लेकर गांव चानौत में 29वें दिन भी धरना जारी रहा। शनिवार को हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने धरना कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बैठक कर समाधान का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मूल मांग पर अड़े रहे और सरकार की ओर से दिए गए वैकल्पिक प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

बैठक के बाद धरना कमेटी के सदस्य अनूप चानौत ने बताया कि मंत्री ने स्पष्ट किया कि हांसी के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन अमृत-2 योजना के तहत है और इसके नियमों में टी कनेक्शन देने का प्रावधान नहीं है। इस पर ग्रामीणों ने तर्क दिया कि इसी योजना के तहत पहले ही 11-12 गांवों और कई ढाणियों को कनेक्शन दिए जा चुके हैं। ग्रामीणों की आपत्ति के बाद मंत्री ने आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखेंगे, हालांकि इसकी प्रक्रिया में डेढ़ से दो महीने का समय लग सकता है।

मंत्री की ओर से गांव के लिए अलग से 8 इंच की पाइपलाइन बिछाने, मोटर, बिजली कनेक्शन और जनरेटर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन अनूप चानौत ने कहा कि 21 सदस्यीय और 11 सदस्यीय कमेटी ने साफ निर्णय लिया है कि टी कनेक्शन के अलावा कोई भी प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यही प्रस्ताव धरने के तीसरे दिन एसडीओ और एक्सईएन भी दे चुके थे, फर्क सिर्फ इतना है कि अब मामला मंत्री स्तर तक पहुंच गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन के बयानों पर भी उठाए सवाल

ग्रामीणों ने प्रशासन के बयानों पर भी सवाल उठाए। अनूप ने बताया कि दो दिन पहले उपायुक्त की ओर से जारी बयान में 10 इंच की पाइपलाइन देने की बात कही गई थी, जबकि बैठक में 8 इंच की पाइपलाइन का प्रस्ताव रखा गया। इससे प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विश्वास की कमी पैदा हुई है।

धरना कमेटी का कहना है कि यदि गांव को मुख्य पाइपलाइन से टी कनेक्शन दिया जाता है तो अलग मोटर, बिजली और रखरखाव की जरूरत नहीं पड़ेगी तथा पानी सीधे प्रेशर से गांव तक पहुंचेगा। साथ ही गांव के जलघर भरने के बाद टी बंद कर पूरा पानी हांसी शहर को दिया जा सकेगा। धरना कमेटी ने घोषणा की कि बुधवार को गांव की महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण ट्रैक्टरों के साथ हांसी पहुंचेंगे और उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। इस दौरान ग्रामीण अपने गांव का गंदा पानी भी साथ लाएंगे और प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराएंगे।

वहीं बैठक के बाद उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल ने बताया कि सरकार गांव चानौत के लिए अलग पाइपलाइन देने को पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि राजली हेड से हांसी आने वाली लाइन के साथ ही गांव के लिए अलग पाइपलाइन बिछाई जाएगी और यदि ग्रामीण 8 इंच के बजाय 10 इंच की पाइपलाइन चाहते हैं तो सरकार उस पर भी विचार करने को तैयार है। उन्होंने बताया कि गांव के जलघर के जीर्णोद्धार के लिए करीब 7.5 करोड़ रुपये की योजना भी स्वीकृत की गई है, जिससे लगभग 2.25 करोड़ लीटर पानी संग्रहित किया जा सकेगा और लंबे समय तक गांव की पेयजल जरूरत पूरी होगी। उपायुक्त ने कहा कि सरकार ने अपना पक्ष ग्रामीणों के सामने रख दिया है। अब ग्रामीण गांव में चर्चा कर अंतिम निर्णय लेंगे। प्रशासन को उम्मीद है कि बातचीत के माध्यम से समाधान निकल जाएगा, लेकिन फिलहाल धरना जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.