फरीदाबाद: पुलिस ने ग्राइंडर से काटा दरवाजा, कट्टा बरामद, आरोपी फरार

बल्लभगढ़ के आजाद नगर में अवैध शराब की सूचना पर पुलिस की बड़ी छापेमारी। ग्राइंडर से दरवाजा काटकर अंदर घुसी टीम, बेड से देसी कट्टा बरामद। मुख्य आरोपी फरार।

फरीदाबाद : बल्लभगढ़ के आजाद नगर में अवैध शराब बेचने की सूचना पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने एक घर पर छापेमारी की। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के लोगों ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। टीम ने कई बार दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन कोई बाहर नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने ग्राइंडर से दरवाजा काटकर और हथौड़े से तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया।

जानकारी के मुताबिक ऊंचा गांव क्राइम ब्रांच और बल्लभगढ़ सिटी थाना पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि लेखराज नाम का व्यक्ति अपने घर से अवैध शराब बेचता है। पुलिस को इस संबंध में कुछ वीडियो भी मिले थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। घर में घुसने के बाद पुलिस ने पूरे मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को अवैध शराब तो नहीं मिली, लेकिन एक कमरे में रखे बेड के अंदर से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने कट्टे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

छोपमारी के दौरान कुछ लोग पिछले दरवाजे से निकले बाहर 

बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान घर में मौजूद लोग पिछले दरवाजे से भाग निकले। मुख्य आरोपी लेखराज भी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव के प्रभारी सुंदर ने बताया कि लेखराज के खिलाफ पहले से अवैध शराब बेचने, आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सिटी थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.