पंचकूला: ऑपरेशन मैदान 2.0 का असर, 60 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
पंचकूला पुलिस की बड़ी कामयाबी! ऑपरेशन मैदान 2.0 के तहत पंजाब से हेरोइन सप्लाई करने वाला अंतरराज्यीय तस्कर 60 लाख की हेरोइन के साथ गिरफ्तार।
पंचकूला: पंचकूला को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर पंकज नैन द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान ऑपरेशन मैदान 2.0 के तहत पंचकूला पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 305 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है.
पंजाब से लाकर ट्राईसिटी में सप्लाई: एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल टीम को 16 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि अजय नामक व्यक्ति, जो वर्तमान में पीरमुच्छला ढकोली क्षेत्र में रह रहा है, पंजाब से हेरोइन लाकर ट्राईसिटी क्षेत्र में सप्लाई करता है. सूचना थी कि सेक्टर-20 पंचकूला स्थित श्मशान घाट रोड के पास नशीला पदार्थ देने आने वाला है.
हेरोइन, मोबाइल व नकदी बरामद: सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम ने रेड कर व्यक्ति को काबू किया गया. आरोपी ने अपनी पहचान अजय पुत्र विजय कुमार निवासी अबोहर, पंजाब, हाल किराएदार आशियाना होम्स, पीरमुच्छला, ढकोली के रूप में बताई. तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 305 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई. डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि, “इस संबंध में सेक्टर-20 थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज किया गया है. शुरूआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पंजाब के तरनतारन से हेरोइन लाकर ट्राईसिटी में सप्लाई करता था.”
दो दिन का पुलिस रिमांड: पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है. फिलहाल पुलिस टीम यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी कब से इस अवैध कारोबार में शामिल था, उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और ट्राईसिटी में किन स्थानीय तस्करों के साथ उसके संपर्क थे.