कुरुक्षेत्र: ब्रह्मसरोवर में कूदा परिवार, पड़ोसी पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर में एक परिवार ने छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। पड़ोसी से लंबे समय से चल रहे विवाद और झूठे आरोपों से था परिवार परेशान।
कुरुक्षेत्र : पड़ोसी के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद से परेशान एक दंपती ने बुधवार शाम अपने बेटे के साथ ब्रह्मसरोवर में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही थाना केयूके पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद परिवार ने पड़ोसी पर झूठे आरोप लगाकर परेशान करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार संबंधित परिवार और उनके पड़ोसी के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है। महिला कोमल ने आरोप लगाया कि पड़ोसी उनके परिवार को लगातार परेशान करता है, घर के सामने कूड़ा-कचरा डालता है तथा विरोध करने पर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता है।
महिला ने दावा किया कि पड़ोसी ने उनके परिवार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत झूठा मामला दर्ज कराया है। वहीं उसके देवर पवन का कहना है कि पड़ोसी द्वारा लगाए गए जबरन जहर पिलाने के आरोप निराधार हैं और घटना के समय वे घर पर भी मौजूद नहीं थे।
उधर, दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने उसे खेत में पकड़कर जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। शिकायतकर्ता का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसने घटना से पहले सोशल मीडिया पर लाइव आकर कार्रवाई नहीं होने पर आत्महत्या की चेतावनी भी दी थी। साथ ही उसने एक सुसाइड नोट सोशल मीडिया पर साझा कर कुछ लोगों और पुलिस कर्मियों को जिम्मेदार ठहराया था।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग बेटी से जुड़े मामले में दर्ज पॉक्सो केस में पुलिस द्वारा पर्याप्त कार्रवाई नहीं की गई। वहीं आरोपी पक्ष का कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और उन्हें जानबूझकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
थाना केयूके प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जबरन जहर पिलाने संबंधी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं, लेकिन प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि करने वाला कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।