करनाल: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम, स्वस्थ जीवन का संकल्प
करनाल के लिबर्टी योग केंद्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम। योग से कर्मचारियों की कार्यक्षमता में सुधार, स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश।
करनाल : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लिबर्टी योग केंद्र, सेंट्रल हाउस, रेलवे रोड, करनाल में आज प्रातः 6:30 बजे से 7:15 बजे तक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर लिबर्टी ग्रुप के सीओओ रमन बंसल ने कहा कि लिबर्टी में योग कक्षाएं पिछले लगभग चार वर्षों से नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। इससे न केवल योग करने वाले लिबर्टी कर्मचारियों को स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हुआ है, बल्कि उनके कार्य प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय एवं सकारात्मक सुधार देखने को मिला है। उन्होंने देश के सभी संस्थानों एवं कंपनियों से आग्रह किया कि वे भी कंपनी स्तर पर योग को अपनाएं, जिससे न केवल संस्थानों बल्कि पूरे देश को लाभ मिलेगा।
संस्था के संस्थापक योगाचार्य सतीश गोयल ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं तनावमुक्त जीवन का आधार भी है। उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं ऊर्जावान बनाता है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योग क्रियाएं, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास करवाए गए। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिकों, योग प्रेमियों एवं संस्था के सदस्यों की उपस्थिति रही। आयोजकों ने सभी लिबर्टी कर्मियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और “योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं” का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।