साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप: भिवानी के खिलाड़ियों ने जीता स्वर्ण पदक
रांची में आयोजित साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप में भिवानी के खिलाड़ियों का जलवा। भारतीय टीम का हिस्सा बनकर जीते स्वर्ण पदक।
बहल। गांव सुरपुरा खुर्द की निक्कू कड़वासरा, तोशाम के सुखबीर और सोरड़ा के वीरेश ने द्वितीय साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश, प्रदेश और जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। भारतीय टीम का हिस्सा रहे तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
रांची के हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय द्वितीय साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप में महाविद्यालय के इन तीन विद्यार्थियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। निक्कू कड़वासरा ने भारतीय महिला टीम की सदस्य के रूप में स्वर्ण पदक जीता जबकि वीरेश और सुखबीर ने भारतीय पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया तथा स्वर्ण पदक अपने नाम किया।