कुरुक्षेत्र: एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का काम अंतिम चरण में, जल्द मिलेगी जाम से मुक्ति

कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक प्रोजेक्ट पूरा होने को है। इससे शहर के 5 रेलवे फाटक हमेशा के लिए बंद होंगे। जानें कब शुरू होगा यह प्रोजेक्ट और क्या है व्यापारियों की राय।

कुरुक्षेत्र: शहर को ट्रैफिक जाम के झंझट से हमेशा के लिए मुक्ति दिलाने वाले एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है. कुरुक्षेत्र-नरवाना रेलवे लाइन पर बन रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट से शहर के स्वरूप में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

5 रेलवे फाटक होंगे खत्म: ​लगभग 6 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण पर करीब 350 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आई है. इस ट्रैक के शुरू होने से शहर के बीचों-बीच गुजरने वाले 5 प्रमुख रेलवे फाटक हमेशा के लिए समाप्त हो जाएंगे. इन फाटकों के बंद होने से लगने वाले भीषण जाम से अब स्थानीय जनता को नहीं जूझना पड़ेगा.​

जिला उपायुक्त ने किया निरीक्षण: ​परियोजना की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने खुद एलिवेटेड ट्रैक का दौरा और निरीक्षण किया. उन्होंने मौके पर ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बुलाकर लंबित कार्यों को जल्द से जल्द निपटाने के सख्त निर्देश दिए. ​विश्राम कुमार मीणा जिला उपायुक्त ने के एलिवेटेड ट्रैक के अंतिम चरण का काम तेजी से चल रहा है और अगले 10 से 12 दिनों में इसे पूरी तरह मुकम्मल कर लिया जाएगा. इसके तुरंत बाद हम सरकार से इसके उद्घाटन के लिए समय मांगेंगे. हमें पूरी उम्मीद है कि आने वाले महीने में ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा.

दावों के बीच जनता में असमंजस: ​प्रशासनिक मुस्तैदी के बावजूद, स्थानीय लोगों और व्यापारियों में इस बात को लेकर संशय है कि क्या इस बार तय समय पर ट्रैक शुरू हो पाएगा या नहीं. ​बार-बार तारीखें बदलने से लोग परेशान स्थानीय निवासी जगबीर सिंह ने बताया “हम पिछले काफी समय से सुन रहे हैं कि ये ट्रैक जल्द शुरू होगा, लेकिन लंबा वक्त निकल गया. नीचे से ट्रेन गुजरने पर फाटक बंद होते ही लंबा जाम लग जाता है. अगर प्रशासन के वादे के मुताबिक अगले महीने ये शुरू हो जाता है, तो ये हमारे लिए बहुत बड़ी सौगात होगी, लेकिन पहले भी कई बार ऐसी चर्चाएं हो चुकी हैं.”

​व्यापार पर पड़ रहा बुरा असर: रेलवे फाटक के पास दुकान चलाने वाले चेतन ने अपनी चिंता साझा करते हुए कहा “पिछले कई सालों से ये काम चल रहा है और कई बार इसकी समय-सीमा निकल चुकी है. जाम लगने की वजह से लोग घंटों फंसे रहते हैं, जिससे इन 5 फाटकों के आसपास के दुकानदारों का धंधा चौपट हो रहा है. अगर अगले महीने ये शुरू होता है, तभी व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी.​​”

Leave A Reply

Your email address will not be published.