भिवानी: किसान सभा का मंत्री श्रुति चौधरी के आवास पर घेराव, ये हैं मांगें
भिवानी में अखिल भारतीय किसान सभा ने जलभराव और मुआवजे की मांग को लेकर मंत्री श्रुति चौधरी के आवास का घेराव किया। 1 जुलाई को चंडीगढ़ में होगी अहम बैठक।
भिवानी। अखिल भारतीय किसान सभा हरियाणा के आह्वान पर सेकड़ों किसानों ने जलभराव और पानी की समस्या के निराकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश की महिला बाल विकास एवं सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के आवास का घेराव कर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
महापंचायत की अध्यक्षता किसान सभा के राज्य प्रधान मास्टर बलबीर सिंह, रामफल देशवाल, राजेन्द्र फतेहाबाद, कपूर सिंह हिसार, धन्नों रोहतक, सुनील मलिक रोहतक व हमजिन्दर सिरसा ने संयुक्त रूप से की। मंच संचालन किसान सभा के राज्य महासचिव सुमित दलाल व जिला भिवानी सचिव मास्टर जगरोशन ने संयुक्त रूप से किया। इससे पहले महापंचायत में एक प्रस्ताव पास करके चानौत गांव के लिए पीने के पानी मांगने के आंदोलन का समर्थन किया गया और पुलिस ज्यादतियों की निंदा की। महापंचायत में दूसरा प्रस्ताव भारत और अमेरिका के बीच हो रहे व्यापार समझौते में अमेरिका की शर्तें नहीं मानने की मांग की गई।