कुरुक्षेत्र: सन्निहित सरोवर में मिला अज्ञात शव, इलाके में फैली सनसनी
कुरुक्षेत्र के पवित्र सन्निहित सरोवर में शुक्रवार सुबह अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लिया, पहचान के लिए 72 घंटे तक मोर्चरी में रखा जाएगा।
कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र के पवित्र सन्निहित सरोवर में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह सैर के लिए पहुंचे लोगों ने सरोवर में शव देखा और तुरंत इसकी सूचना सुभाष मंडी चौकी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव: वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल, कुरुक्षेत्र के मोर्चरी हाउस भेज दिया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस के अनुसार शव की हालत को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी. मृतक की लंबाई लगभग 5 फुट 6 इंच बताई जा रही है और उसने लाइनों वाली निक्कर पहन रखी थी.
पहचान के लिए आसपास के थानों को दी जाएगी सूचना: प्राथमिक जांच के बाद पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुट गई है. इसके लिए आसपास के सभी थानों को सूचना भेजी जाएगी ताकि किसी गुमशुदगी की रिपोर्ट से शव का मिलान किया जा सके. जब तक पहचान नहीं होती, शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा. यदि निर्धारित समय तक पहचान नहीं होती है तो पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस: मामले की जांच कर रहे एएसआई लखविंदर सिंह ने कहा कि, “सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सरोवर से बाहर निकालकर एलएनजेपी अस्पताल के मोर्चरी हाउस में भिजवाया गया है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. आसपास के थानों को सूचना भेजी जाएगी और शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए मोर्चरी में रखा जाएगा. यदि तब तक पहचान नहीं होती है तो पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह हादसा कैसे हुआ.” पुलिस फिलहाल मौत के कारणों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.