कैथल: पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 1 करोड़ की चोरी के आरोपी 2 बावरिया गिरफ्तार
कैथल में पुलिस और बावरिया गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़। बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण पुलिसकर्मी सुरक्षित। चीका में 1 करोड़ की चोरी के आरोपी भाई गिरफ्तार।
कैथल : कैथल जिले में आज सुबह पुलिस और बावरिया गैंग के दो कुख्यात बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुंडरी क्षेत्र के गांव जांबा से सिकंदरखेड़ी रोड पर हुई इस कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम पर की गई अंधाधुंध फायरिंग के दौरान दो पुलिसकर्मी भी बाल-बाल बच गए। दोनों ने बुलेटप्रूफ सेफ्टी जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई।
1 करोड़ की सनसनीखेज चोरी के मामले में वांछित थे दोनों बदमाश
घायल बदमाशों की पहचान सोहन सिंह पुत्र राजू और धर्मबीर पुत्र राजू, निवासी मोड़ मंडी, जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं। इनके खिलाफ चोरी, लूट तथा आर्म्स एक्ट सहित दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी 9 जून को चीका में हुई करीब एक करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले में भी वांछित थे। यह गैंग मुख्य रूप से पॉश कॉलोनियों को निशाना बनाता था और वारदात के दौरान हथियारों के बल पर लोगों में दहशत फैलाता था।
दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश पुंडरी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसडीयू की टीम ने गांव जांबा-सिकंदरखेड़ी रोड पर संदिग्ध वाहन का पीछा किया। भागने के दौरान बदमाशों की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। कार से निकलते ही दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली वाहन के शीशे को चीरते हुए चालक बूटा सिंह की छाती पर लगी, जबकि दूसरी गोली एसडीयू प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील की छाती पर लगी। दोनों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे वे सुरक्षित बच गए। इसके बाद एएसआई तरसेम ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया।
मौके से कार व हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायर किए। मौके से एक कार, दो अवैध पिस्तौल, एक चाकू तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए कैथल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना के बाद एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा- या तो अपराध छोड़ दो, नहीं तो उसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहो। कैथल जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।