हरियाणा कॉलेज एडमिशन: UG दाखिले का नया शेड्यूल जारी, देखें पूरी जानकारी

हरियाणा के कॉलेजों में UG दाखिले के लिए नया शेड्यूल जारी। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून। पहली मेरिट लिस्ट 9 जुलाई को आएगी। प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज यहाँ जानें।

भिवानी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक (यूजी) कक्षाओं में दाखिले के लिए नया री-शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत पहली मेरिट सूची 9 जुलाई को जारी की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन के लिए अब केवल छह दिन शेष हैं। विद्यार्थी 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद प्राप्त आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा। ऐसे में महाविद्यालयों में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है।

महाविद्यालयों में नए सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। आवेदन के बाद विद्यार्थियों के दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा जिसके लिए उन्हें महाविद्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। यदि किसी प्रकार की आपत्ति आती है तो अभ्यर्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन करना होगा।
महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि दाखिले पूरी तरह मेरिट के आधार पर किए जाएंगे। विद्यार्थियों को आवेदन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इसलिए अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन पूरा कर लेना चाहिए। आवेदन पत्र में दर्ज जानकारी को सावधानीपूर्वक जांचना भी जरूरी है क्योंकि किसी भी प्रकार की त्रुटि दाखिला प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।
यह रहेगा काउंसिलिंग का शेड्यूल
काउंसिलिंग के नए शेड्यूल के अनुसार पहली मेरिट सूची 9 जुलाई को जारी होगी। पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थी 11 से 15 जुलाई तक फीस जमा कर सकेंगे। दूसरी मेरिट सूची 16 जुलाई को जारी होगी जिसकी फीस 18 से 22 जुलाई तक जमा होगी। इसके बाद 23 जुलाई को फिजिकल काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। 25 से 31 जुलाई तक 100 रुपये लेट फीस के साथ दाखिला मिलेगा। वहीं 1 से 7 अगस्त तक दाखिले पर 100 रुपये लेट फीस के साथ 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

दाखिलों से वंचित विद्यार्थी ऐसे कर सकते हैं आवेदन
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए अभी तक आवेदन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को सबसे पहले उच्चतर शिक्षा विभाग के एडमिशन पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के दौरान सही नाम, ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर भरना अनिवार्य है क्योंकि बाद में इनमें संशोधन नहीं किया जा सकेगा। पंजीकरण के बाद व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक जानकारी, वेटेज, दस्तावेज, महाविद्यालय और पाठ्यक्रम का चयन करना होगा। आवश्यक दस्तावेजों में पासपोर्ट आकार का फोटो, हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी, 10वीं और 12वीं की अंकतालिका, स्कूल का चरित्र प्रमाणपत्र, परिवार पहचान पत्र तथा आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र शामिल हैं। हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है। यदि 12वीं का प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं है तो ऑनलाइन परिणाम की प्रति अपलोड की जा सकती है। एक ही यूजर आईडी से अधिकतम पांच महाविद्यालयों में आवेदन किया जा सकता है तथा प्रत्येक महाविद्यालय में अधिकतम पांच पाठ्यक्रमों का चयन किया जा सकता है। बीए जैसे पाठ्यक्रमों में कम से कम पांच विषय संयोजन भरना अनिवार्य है।

उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालयों में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून है। उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा दाखिलों के लिए नया शेड्यूल जारी किया गया है। अब पहली मेरिट सूची 9 जुलाई को जारी होगी। वहीं 23 जुलाई को खाली बची सीटों पर फिजिकल काउंसिलिंग आयोजित होगी। इसलिए दाखिलों से वंचित विद्यार्थी जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन करें।
Leave A Reply

Your email address will not be published.