लखनऊ एनकाउंटर: बिल्डर हत्याकांड का मुख्य शूटर संजय एसटीएफ के हाथों ढेर

लखनऊ के इंदिरा कैनाल रोड पर एसटीएफ ने बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड के मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में मार गिराया। उस पर एक लाख का इनाम था। पढ़ें पूरी खबर।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी एसटीएफ ने एक एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया. यह एनकाउंटर इंदिरा कैनाल रोड पर हुआ. मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए संजय को इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, संजय उर्फ संजीव अंबेडकरनगर जिले का रहने वाला था और लंबे समय से कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी पर लखनऊ पुलिस आयुक्त की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. एसटीएफ के मुताबिक, वह लखनऊ के चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था.

संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी

27 मई 2026 को लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में बिल्डर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस जांच में सामने आया था कि वारदात को पुरानी रंजिश और जमीन विवाद के चलते अंजाम दिया गया था. एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ था कि संदीप सिंह की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी.

इस मामले में कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था. पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. शनिवार सुबह इंदिरा कैनाल रोड पर एसटीएफ टीम को उसकी लोकेशन मिली, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई. पुलिस के मुताबिक, बदमाश ने टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया.

संजय के खिलाफ अलग-अलग जिलों में मुकदमे दर्ज

संजय उर्फ संजीव अंबेडकरनगर के कोदार का निवासी था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ अंबेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या समेत कई जिलों में हत्या और अन्य संगीन अपराधों के मुकदमे दर्ज थे.

पुलिस का दावा है कि संजय अंबेडकरनगर के कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के सदस्यों के संपर्क में था और उनके साथ मिलकर कई गंभीर वारदातों को अंजाम दे चुका था. एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, वह हत्या जैसे कई मामलों में शामिल रहा है और लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था.

संदीप सिंह हत्याकांड के मास्टरमाइंड दिनेश यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और वह जेल में बंद है. वहीं अब मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव के एनकाउंटर के बाद पुलिस ने इस मामले में बड़ी सफलता मिलने का दावा किया है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.