बुलंदशहर: मंदिर पुजारी की खुदकुशी, वायरल वीडियो में अपनों पर लगाए गंभीर आरोप

बुलंदशहर के चामड़ मंदिर के पुजारी बिट्टू ने आत्महत्या की। मरने से पहले बनाया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, मां समेत चार लोगों पर लगाए गंभीर आरोप।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के शिकारपुर नगर के नीगंज स्थित चामड़ मंदिर के पुजारी बिट्टू की आत्महत्या के मामले में एक नया और बेहद भावुक मोड सामने आया है. मंदिर परिसर के कमरे में फंदे से लटके मिले पुजारी बिट्टू का आत्महत्या से पहले बनाया गया करीब 3 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में बिट्टू ने अपनी मौत के लिए अपनी मां समेत चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया है.

साथ ही उसने अपनी मां से माफी भी मांगी है और कहां है कि मां तू जिंदगी भर खुश रहियो, आज मेरा आखिरी दिन है, मरने के बाद मैं किसी को माफ नहीं करूंगा… वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में एक बार फिर इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है. पुलिस भी वायरल वीडियो को जांच का हिस्सा मानकर उसके हर पहलू की पड़ताल कर रही है. वायरल वीडियो में बिट्टू ने सबसे पहले अपनी मां का जिक्र करते हुए कहा है कि वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था.

‘आज मेरा आखिरी दिन है…’

उसने आरोप लगाया है कि उसके परिवार से अपेक्षित अपनापन और सम्मान नहीं मिला. बातचीत के दौरान वह कई बार भावुक भी नजर आया. वीडियो में उसने अपनी मां से माफी मांगते वह कहा कि वह मजबूरी में यह कदम उठा रहा है. बिट्टू ने कहा कि आज मेरा आखिरी दिन है, मेरी मौत के बाद में किसी को माफ नहीं करूंगा ऊपर वाले से यही प्रार्थना करूंगा कि वह किसी को गरीब पैदा ना करें.

मंदिर परिसर में ही पुजारी ने किया सुसाइड

बता दें कि शुक्रवार 26 जून को सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो पुजारी का कमरा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर लोगों ने खिड़की से झांक कर देखा तो बिट्टू का शव पंखे से लटका हुआ था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतर कर फॉरेन्सिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया और कमरे का निरीक्षण किया. इस दौरान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पांच साल से मंदिर में थे पुजारी

बताया जा रहा है कि बिट्टू पिछले 5 वर्षों से मंदिर में रहकर पूजा अर्चना कर रहा था और क्षेत्र में उसकी पहचान एक शांत स्वभाव के पुजारी के रूप में थी. इस पर मामले में पुलिस का कहना है कि प्रथम दृश्य मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अब सामने आए वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है. वीडियो की सत्यता, उसमें लगाए गए आरोप और जिन लोगों का उल्लेख किया गया है उन सभी पहलुओं की जांच की जाएगी.

यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक भूमिका सामने आती है तो उसी आधार पर आगे की कानून कारवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और वायरल वीडियो सहित सभी तथ्यों को जोड़कर पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.