दिल्ली: महिलाओं को टक्कर मारने वाला यूट्यूबर गुरमन सिंह गिरफ्तार
यूट्यूब पर 'रोड सेफ्टी वाला' नाम से चैनल चलाने वाले गुरमन सिंह को दिल्ली पुलिस ने अरेस्ट किया। व्यूज के लिए नाबालिग लड़कियों की स्कूटी को मारता था टक्कर।
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर ‘रोड सेफ्टी वाला’ नाम से चैनल चलाने वाले यूट्यूबर गुरमन सिंह को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि वह महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाकर उनकी स्कूटी-बाइक को जानबूझकर टक्कर मारता था और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था. उसके अकाउंट से पुलिस को ऐसे कई सारे वीडियो मिले है, जिनके आधार पर पुलिस ने यूट्यूबर के खिलाफ कार्रवाई की है.
जानकारी के अनुसार, 2 जून को दिल्ली पुलिस को एक शिकायत मिली. शिकायतकर्ता ने बताया कि दो अज्ञात लोगों ने उनकी नाबालिग बेटी की स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी. इसके बाद आरोपियों ने लड़की का पीछा किया और अभद्र टिप्पणियां व गालियां दीं. कुछ दिन बाद शिकायतकर्ता को पता चला कि उनकी बेटी का वीडियो यूट्यूब और फेसबुक पर अपलोड कर दिया गया है. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया.
यूट्यूबर गुरमन सिंह अरेस्ट
पुलिस ने जब आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की तो पता चला कि उसके ज्यादातर वीडियो में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को ही टारगेट किया गया था. तकनीकी सबूत जुटाने के बाद पुलिस ने 32 साल के गुरमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में गुरमन सिंह ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और कमाई बढ़ाने के लिए ऐसे वीडियो बनाता था. उसने माना कि ज्यादा व्यूज और एंगेजमेंट के लिए वह जानबूझकर महिला राइडर्स को टारगेट करता था.
जानबूझकर मारता था टक्कर
इससे उसे व्यक्तिगत संतुष्टि भी मिलती थी. आरोपी सड़क पर अकेली महिला राइडर्स, पिलियन राइडर्स और नाबालिग लड़कियों को पहचानता था. जानबूझकर उनकी गाड़ी को टक्कर मारता था. शक से बचने के लिए तुरंत ‘सॉरी दीदी’ बोलकर माफी मांग लेता था. पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड करता और बिना सहमति के सोशल मीडिया पर अपलोड कर देता था. दिल्ली पुलिस ने आरोपी के पास से वीडियो बनाने में इस्तेमाल उपकरण भी बरामद किए हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.